Madhya Pradesh

Shivraj Cabinet Meeting: श्रीराम गमन पथ न्‍यास गठन को शिवराज कैबिनेट ने दी मंजूरी, दतिया-खजुराहो का जुड़ेगा हवाई कनेक्‍शन

भगवान श्रीराम ने मध्य प्रदेश में जिन स्थलों का भ्रमण किया था, उनके आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक विकास के लिए श्रीरामचंद्र पथगमन न्यास का गठन किया जाएगा। इसके पदेन अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे। यह निर्णय गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। 33 न्यासियों वाले इस न्यास (ट्रस्ट) का कार्य श्रीराम के पदचिह्नों वाले स्थानों के सांस्कृतिक तथा पर्यटन की दृष्टि से विकास, संरक्षण एवं संवर्धन परियोजनाओं को कार्यरूप देने के लिए निर्माण विभागों के बीच समन्वय करना होगा।

केंद्र सरकार ने शोध कराकर 249 श्रीराम वनगमन स्थलों की खोज की है। इनमें मध्य प्रदेश के 23 स्थल शामिल हैं। इन स्थलों को दर्शन योग्य बनाने के साथ ही धार्मिक, सामाजिक एवं पर्यटन विकास की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इसके लिए श्रीरामचन्द्र पथगमन न्यास के गठन का निर्णय लिया है।

युवा पीढ़ी को भगवान श्रीराम की जीवन गाथा और उनके पथगमन क्षेत्र की महत्ता से अवगत कराते हुए गंतव्य स्थलों से भावनात्मक रूप से जोड़ने की परियोजना बनाकर उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। न्यास में पांच सदस्य नामांकित किए जाएंगे, जो भगवान श्रीरामचन्द्र के जीवन दर्शन एवं शोध कार्य से जुड़े ख्याति प्राप्त व्यक्ति होंगे। इनका कार्यकाल तीन वर्ष रहेगा। सरकार न्यास की गतिविधियों के संचालन के लिए विशेषज्ञों की समिति का गठन भी कर सकेगी। इसके सुचारू संचालन के लिए परियोजना प्रबंधन इकाई का गठन किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों-कर्मचारियों के सात और न्यास के लिए 32 पद बनाए जाएंगे। इन पर वार्षिक एक करोड़ 57 लाख रुपये व्यय होंगे।

न्यास का यह रहेगा कार्य

– चिन्हित स्थलों को जोड़ने वाले मार्ग का विकास।

– चिन्हित स्थलों के पथ तथा स्थानों का संरक्षण एवं विकास।

– स्थलों पर धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन।

– यात्री सुविधाओं का निर्माण एवं संचालन।

– पर्यटन संबंधी गतिविधियों का संचालन।

– जनसामान्य को सांस्कृतिक एवं शैक्षिणक रूप से प्रबुद्ध किया जाना।

जिला सतना

स्फटिक शिला – चित्रकूट

गुप्त गोदावरी – चित्रकूट

अत्रि आश्रम – अनसूया

शरभंग आश्रम – शरभंग

अश्वमुनि आश्रम – शरभंग

सुतीक्ष्ण आश्रम – सिलहा

सिद्धा पहाड़ – सिद्धा

सीता रसोई – रक्सेलवा

रामसेल – रक्सेलवा

राम जानकी मंदिर – मैहर

जिला पन्ना

बृहस्पति कुंड – पहाड़ी खेरा

सुतीक्ष्ण आश्रम – सांरगधर

अग्निजिह्ना आश्रम – बड़े गांव

अगस्त्य आश्रम – सलेहा

जिला कटनी

शिव मंदिर – भरभरा

जिला जबलपुर

रामघाट – पिपरिया

जिला नर्मदापुरम

श्रीराम मंदिर – पासी घाट

श्रीराम मंदिर – माच्छा

जिला उमरिया

मार्कंडेय आश्रम – दरबार

राम मंदिर – ताला बांधवगढ़

दशरथ घाट – विजोरी

जिला शहडोल

सीता मढ़ी – गंधिया

जिला अनूपपुर

सीता मढ़ी – कनवाई

अभावग्रस्त साहित्यकारों व कलाकारों और उनके आश्रितों को मिलेगी पांच हजार रुपये मासिक सहायता

शिवराज सरकार ने अभावग्रस्त साहित्यकारों व कलाकारों और उनके आश्रितों को दी जाने वाली मासिक सहायता राशि में वृद्धि करने का भी निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत कलाकार या साहित्यकार को मासिक सहायता पांच हजार रुपये प्रति माह दी जाएगी। अभी यह आठ साै से डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह है। साथ ही कलाकार या साहित्यकार की मृत्यु होने पर स्वजन को प्रतिमाह साढ़े तीन हजार रुपये की सहायता राशि मिलेगी।

Related Articles

Back to top button